संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। बांदा-टांडा हाईवे पर तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार सब्जी दुकानदार की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
ललौली थाना क्षेत्र के गंगईपार गांव निवासी तेजराम लोधी उर्फ कुल्लू लोधी (50) सोमवार रात करीब 10:30 बजे मुत्तौर कस्बे में सब्जी की दुकान बंद कर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। वह सिधाव गांव के पास चौहान ढाबा के निकट बांदा-टांडा हाईवे पर पहुंचे, तभी डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर से वह बाइक समेत सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर मौके से भाग निकला। पुलिस ने घायल को गाजीपुर सीएचसी भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि डंपर और चालक की तलाश की जा रही है।