कड़ाके की ठंड के कारण समाधान दिवस पर थानों में शिकायतकर्ताओं का टोटा रहा। शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में क्षेत्र के सभी थानों में महज 24 शिकायतें दर्ज हुईं। दर्ज शिकायतों में नौ शिकायतें मौके पर निस्तारित की गईं।
ज्यादातर थानों में अधिकारी कर्मचारी फरियादियों की बांट जोहते रहे। दर्ज शिकायतों में एक का भी निस्तारण नहीं हुआ। राजस्व कर्मी अलाव तापते रहे।
कोतवाली में दो, खखरेरू थाने में तीन, धाता और सुल्तानपुर घोष थानें में दो-दो एवं हथगाम थाने में एक शिकायत दर्ज की गई है। वहीं किशनपुर थानें में एक भी शिकायत नहीं आई।
इससे थाने में मौजूद अधिकारी फरियादियों के इंतजार में बैठे रहे। आई सभी शिकायतों में राजस्व विभाग की आधा दर्जन शिकायतें शामिल रहीं।
किशनपुर थाने में एसडीएम बलराम सिंह, कोतवाली में सीओ बृजराज सिंह, धाता में तहसीलदार सुरेंद्रपाल विश्वकर्मा ने शिकायतों की सुनवाई की।
वहीं हथगाम, सुल्तानपुर घोष में अन्य राजस्व अधिकारी शिकायतों की सुनवाई की। कोतवाली बिंदकी में आयोजित समाधान दिवस में आई तीन शिकायतों में दो का निस्तारण पुलिस व राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर करा दिया।
यहां मौजूद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भानू प्रताप सिंह ने कहा कि शेष बची एक शिकायत का निस्तारण शीघ्र ही करा दिया जाएगा।
एसएचओ औंग अजय सेठ की मौजूदगी में तीन फरियादियों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें सभी शिकायतों का राजस्व व पुलिस टीम ने पहुंचकर निस्तारण करा दिया।
जाफरगंज संवाददाता के अनुसार थानाध्यक्ष धनंजय वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में आई दो शिकायतों में दोनों का निस्तारण कराया गया। इसी प्रकार जहानाबाद संवाददाता के अनुसार एसएचओ पीके सिंह की मौजूदगी में फरियादियों ने चार शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें सभी का निस्तारण करा दिया गया।
अमौली संवाददाता के अनुसार चांदपुर एसएचओ अंगद सिंह ने आई चार शिकायतों में दो का निस्तारण करा दिया। कल्यानपुर थानाध्यक्ष कमलेश यादव ने दो में एक का निस्तारण कराया। जबकि बकेवर एसओ राजेंद्र सिंह ने तीन मामलों पर टीम भेजकर निस्तारण कराया।