फतेहपुर। तेज बारिश से शहर से लेकर गांव तक की बिजली आपूर्ति चरमरा गई। शहरी क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति सुबह तक बहाल हो गई, लेकिन ग्रामीण क्षेत्र में फाल्ट ढूंढने में लाइनमैन नाकाम रहे। कई क्षेत्रों में 24 घंटे का समय बीतने के बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। बिजली न आने से लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं।
शुक्रवार की रात दो बजे तेज बारिश के दौरान पूरे शहर की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। फिर हरिहरगंज, मुराइनटोला और बेरुईहार उपकेंद्र से तीन घंटे बाद बिजली आपूर्ति शुरू हो गई, लेकिन आबूनगर और शांति नगर उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति दोपहर साढ़े 12 बजे बहाल हो सकी। यहां 33 केवीए लाइन में फाल्ट हुआ था। जबकि आबूनगर उपकेंद्र से जुड़े शादीपुर, अस्ती, नउवाबाग फीडर की आपूर्ति 11 केवीए लाइन में फाल्ट के कारण बंद रही। अधिशाषी अभियंता रामसनेही ने बताया कि बारिश की वजह से जगह-जगह फाल्ट हुए हैं। जिन्हें ठीक कराया जा रहा है। जैसे-जैसे फाल्ट ठीक हो रहे हैं, आपूर्ति बहाल की जा रही है।
असोथर। कस्बा के उपकेंद्र की विद्युत आपूर्ति 36 घंटे बीतने के बाद भी बहाल नहीं हो सकी। इससे उपकेंद्र के घरवासीपुर थरियांव नरैनी, गाजीपुर, जरौली और असोथर फीडर से जुड़े करीब 115 गांवों की बिजली बंद है। राधानगर ट्रांसमिशन सेंटर से 33 केवीए की एक लाइन से असोथर, गाजीपुर और चुरियानी उपकेंद्रों को विद्युत आपूर्ति की जाती है। शुक्रवार भोर पहर अचानक फाल्ट हो गया और विद्युत आपूर्ति बंद हो गई। शुक्रवार और शनिवार का पूरा दिन बीतने के बाद भी फाल्ट सही नहीं हो सका है। कस्बा के उपकेंद्र से कोर्रा, टीकर, सरांय, घरवासीपुर, वनपुरवा, कौंडर, बौंडर, विधातीपुर, सुजानपुर, मनावां, पुरगांव, सातों, बेरुई, जरौली, बिलारीमऊ, कधिया, बेसड़ी समेत करीब 115 गांवों की बिजली शुक्रवार भोर पहर से बंद है। एसडीओ जाहिद सिद्दीकी ने बताया कि राधा नगर ट्रांसमिशन सेंटर में फाल्ट हो गया है। इससे बिजली सप्लाई बाधित है। फाल्ट सही होते ही आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी। (संवाद)
बहुआ। झमाझम बारिश से 33 केवीए लाइन का विद्युत पोल झुक गया और बहुआ, दतौली उपकेंद्र की बिजली बंद हो गई। सुबह जेई नीलेश मिश्रा ने लाइनमैनों को लेकर पोल को सीधा कराया गया और आपूर्ति बहाल कराई गई है। दोनों उपकेंद्र की करीब छह घंटे बिजली बंद रही। (संवाद)