फतेहपुर। जनपद में बारिश और तेज धूप वाले बदलते मौसम से बच्चों की परेशानी बढ़ गई है। ऐसे मौसम में बच्चे ज्यादा बीमार पड़ रहे हैं और जिला अस्पताल आने वाले बच्चों की संख्या बढ़ गई है। बच्चों को जुकाम, बुखार और दस्त की परेशानी ज्यादा हो रही है। डॉक्टरों ने स्वच्छ और ताजा खाना खिलाने समेत उबला पानी पिलाने की सलाह दी है।
बदलते मौसम में जिला अस्पताल में बच्चों के डॉक्टर के पास भीड़ लग रही है। रोजाना 100 से 120 बच्चे इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। आम दिनों के मुकाबले यह संख्या दोगुनी है। कुछ बच्चों में मलेरिया के भी लक्षण मिल रहे हैं। कभी बारिश तो कभी तेज धूप से बच्चों की तबीयत बिगड़ रही है। डॉक्टरों ने माता-पिता से सावधानियां बरतने की अपील की है।
बच्चों को न खिलाएं कटे हुए फल
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सतीश ने बताया कि आम दिनों की अपेक्षा बच्चे ज्यादा बीमार हो रहे हैं। मौसम में उतार-चढ़ाव से ऐसा हो रहा है। मौसम की वजह से बच्चों में जुकाम-बुखार की परेशानी ज्यादा है। खानपान की वजह से पेट दर्द और दस्त की परेशानी हो रही है। ऐसे में माता-पिता को सावधानियां बरतने की जरूरत है। बच्चों को कटे हुए फल और खुला खाना न खिलाएं। मक्खियां बैठने से यह संक्रमित हो जाते हैं और बीमारियों को न्योता देते हैं। इससे पेट दर्द, पेट में सूजन और उल्टियां शुरू हो जाती हैं। इसके अलावा बच्चों को साफ पानी पिलाएं। ताजा खाना खिलाएं। घर के आसपास पानी न जमा होने दें और मच्छरों से बचाव करें।
......................