चौडगरा। उपकेंद्र बिंदकी रोड चौडगरा में लगा 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर फुंकने के एक माह बाद नया पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर आने से उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। उपकेंद्र से जुड़े लगभग 150 गांवों के लोगों को कटौती की समस्या से निजात मिलेगी।
उपकेंद्र बिंदकी रोड चौडगरा में ग्रामीण क्षेत्रों में आपूर्ति के लिए 10 व पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर लगे थे। इनसे सात फीडर शाहजहांपुर, आशापुर, महरहा, तेंदुली, खदरा, गुनीर, मौहार को आपूर्ति होती है। एक महीने पूर्व 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर फुंकने से सिर्फ एक पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर से काम चलाया जा रहा था। 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर फुंकने से लगभग 150 गांवों में बिजली संकट पैदा हो गया था।
फसलों को सही समय पर पानी नहीं मिल रहा था। उपकेंद्र थरियांव में 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर लग जाने के कारण पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर खाली हो गया था। इसी पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर को उपकेंद्र बिंदकी रोड चौडगरा में 10 एमवीए के ट्रांसफार्मर की जगह लगाया गया है।
अभी तक फीडरवार कटौती की जा रही थी। अब आपूर्ति में उपभोक्ताओं को कुछ राहत जरूर मिलेगी। बिंदकी रोड उपखंड अधिकारी उपेंद्र राज ने बताया कि 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर आने तक दूसरे पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर से वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।
गुनीर और तेंदुली फीडर सबसे ज्यादा प्रभावित
एक महीने में गुनीर व तेंदुली फीडर को आपूर्ति में सबसे ज्यादा दिक्कत हुई। तेंदुली फीडर के कुछ क्षेत्रों में फाल्ट व कटौती के कारण एक महीने में उपभोक्ताओं को काफी कटौती झेलनी पड़ी। यही हाल गुनीर फीडर में भी आठ से दस घंटे की कटौती की गई। इन दोनों फीडरों में किसानों को कम बिजली मिलने से धान की सिंचाई पर संकट खड़ा हो गया है। इससे उपभोक्ताओं में विभाग के प्रति काफी रोष व्याप्त है।
..................