फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के आबूनगर मोहल्ला निवासी रामजीवन लोधी ने बताया कि पुत्र राजकुमार लोधी (26) शराब का लती था। वह रविवार रात नशे में घर के सामने बने कुएं में गिर गया। परिजन व आसपास के लोग पहुंचे। रस्सी थमाकर खींचने का प्रयास किया। नशे में होने की वजह से बार-बार रस्सी छूट गई। उसे बचाने की कोशिश में पड़ोसी अरूण कुएं में उतरा। वह भी कामयाब न हो सका। करीब डेढ़ घंटे बाद फायर ब्रिगेड पहुंची। जवानों ने मशक्कत के बाद रात करीब 12 बजे राजकुमार को बाहर निकाला जा सका, लेकिन देर हो चुकी थी।
करंट से वृद्ध की मौत
फतेहपुर। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के नया पुरवा नरैचा निवासी रामपाल सोमवार दोपहर नलकूप चलाने गया था। नलकूप में आ रहे करंट की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
-
सड़क किनारे मिला युवक का शव, हत्या का आरोप
फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के बघेला गांव में राजन पाल का पुत्र सुरेंद्र यादव (40) रविवार की रात खाने के बाद कमरे में सोया था। उसका सोमवार सुबह घर के बाहर रोड किनारे शव मिला। छोटे भाई धर्मपाल ने बताया कि परिवार में जमीन के बंटवारे का विवाद चल रहा है। परिवार के लोगों ने भाई की पीटकर हत्या की है। इसके बाद शव को रोड किनारे फेंका है। पुलिस ने परिवार के एक सदस्य को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। थानाध्यक्ष रणजीत बहादुर सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच की जाएगी।