रेलवे स्टेशन के बिजली विभाग में तैनात टेक्नीशियन मिट्ठूलाल (30) की बिजली पोल से गिरने पर मौत हो गई। अनुमान है कि टेक्नीशियन पोल से करंट का झटका लगने पर गिरा है। विभाग के कर्मचारियों ने परिजनों को सूचना दी है।
टेक्नीशियन मिट्ठूलाल कौशांबी जिले चरवा थाना क्षेत्र के फरीदपुर गांव निवासी अदालती प्रसाद का पुत्र था। वह कई साल से रेलवे के बिजली विभाग में तैनात था। रेलवे स्टेशन के बाहर रिजर्वेशन कक्ष के पास लगे बिजली पोल में फाल्ट सुधारते समय अचानक वह गिर पड़ा।
हादसा देखकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। रेलवे के डाक्टरों ने हालत नाजुक देखकर जिला अस्पताल रेफर किया। जिला अस्पताल में डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सहकर्मी ओम सिंह ने बताया कि पोल से पैर फिसलने के कारण गिरने से मौत हुई है।
वहीं अनुमान है कि बिजली पोल में शटडाउन वापस लेने से करंट दौड़ा है। करंट का झटका लगने से वह गिरा हैं। जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ. राजीव चौधरी ने बताया कि टेक्नीशियन को मृत हालत में लाया गया है।
प्राथमिक जांच में न सिर में चोट का निशान और न ही करंट से झुलसना दिख रहा है। मौत के कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम के बाद ही होगी। कोतवाल आरके पांडेय ने बताया कि परिजनों की तहरीर आने के बाद पोस्टमार्टम होगा।