औंग। थाना क्षेत्र के गोधरौली गांव में शीतला माता मंदिर के पास स्थित तालाब में नवजात का शव मिला। शव दो से तीन दिन पुराना प्रतीत होता है। ग्रामीणों में चर्चा रही कि लोकलाज के भय से पॉलीथीन में शव भरकर किसी ने फेंका होगा। तालाब के आगे सुरेश निषाद की चाय नाश्ते की दुकान है। पीछे तालाब में झाड़ियां है। कुत्ते शव को तालाब से खींचकर किनारे लाए थे। दुर्गंध फैलने पर दुकानदार की नजर गई। पॉलिथीन में नवजात का शव देखकर कुत्तों को भगाया। गांव के पुरुष और महिलाओं का जमावड़ा लग गया। सुरेश ने प्रधान चंदन दिवाकर को सूचित किया। प्रधान की खबर पर पहुंची पुलिस ने नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। (संवाद)