कलेक्ट्रेट में ज्ञापन देने जाते डाक्टर ।
- फोटो : अमर उजाला
इलाहाबाद के जीवन ज्योति अस्पताल में डाक्टर एके बंसल की हत्या के विरोध में सोमवार को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के डाक्टरों ने विरोध प्रदर्शन किया। चिकित्सकों ने कहा कि नर्सिंग होम में सुरक्षा के इंतजाम न होने से इस तरह की घटनाएं हो रही है।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की जिला शाखा के अध्यक्ष डा. तेजमान सिंह के नेतृत्व में चिकित्सक कलेक्ट्रेट पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर संगठन ने मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट का सख्ती से पालन कराने की मांग की। वहीं सोमवार को निजी अस्पतालों में हड़ताल का मिलाजुला असर देखने को मिला। कई नर्सिंग होम में डाक्टरों ने ओपीडी की तो संगठन के पदाधिकारियों ने पहुंच कर ओपीडी बंद कराई।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि मंगलवार को बांह में काली पट्टी बांध कर विरोध जताया जाएगा। चिकित्सकों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम होने चाहिए। इस मौके पर डा. एसबी सिंह, डा. अशोक पटेल, डा. पंकज सिंह, डा. राजीव रतन शर्मा, डा. केएस गुप्ता, डा. नीरज वर्मा रहे।