शहर में अतिक्रमण की समस्या दिन प्रतिदिन गंभीर होती
जा रही है। हिंदू नेताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आईटीआई रोड स्थित
सब्जी मंडी के स्थानांतरण की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि अतिक्रमण
की समस्या से निजात नहीं मिली तो आंदोलन होगा।
गुरुवार को अखिल भारत
हिंदू महासभा के पदाधिकारियों ने डीएम से मिलकर शहर में अतिक्रमण की समस्या
बताई। प्रदेश महामंत्री मनोज त्रिवेदी ने बताया कि नगर क्षेत्र में कई जगह
जाम की समस्या बनी रहती है।
आईटीआई रोड में लगी सब्जी मंडी की वजह से सड़क
के दोनों ओर अतिक्रमण हो जाता है जिससे जाम लगता है। क्षेत्र में राजकीय
बालिका इंटर कालेज, महिला डिग्री कालेज, आईटीआई व अन्य कोचिंग सेंटर हैं
जिससे आवागमन प्रभावित रहता है। कई बार सब्जी मंडी हटवाने के आदेश प्रशासन
ने दिए लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
इसी प्रकार ज्वालागंज चौराहा,
जिला चिकित्सालय, बाकरगंज चौराहा, वर्मा तिराहा आदि चौराहों में भी सड़क के
दोनों ओर विक्रम वाले आड़े तिरछे वाहनों एवं बसों के खड़े होने से जाम
लगता है।
ज्ञापन देने के दौरान जिलाध्यक्ष राम गोपाल शुक्ला, प्रमोद कुमार
पांडेय, शोभित सिंह, मोनू गुप्ता, राधा देवी, संतोष नेता, चंद्रिका प्रसाद
पांडेय, सुधा पांडेय, गया प्रसाद विश्वकर्मा, विशंभर, राम नारायण, पप्पू
जैन, स्वामी रामआसरे आर्य, करन सिंह पटेल, शिवाकांत शास्त्री, गिरजेश
श्रीवास्तव मौजूद रहे।