फतेहपुर। टक्कर मारने के विरोध पर डीएम कार्यालय में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को कार सवारों ने गाली-गलौज कर पीटा और धमकी दी। पुलिस ने कार सवार तीन युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के उत्तरी गौतम नगर निवासी मृगांक शुक्ल डीएम कार्यालय में चतुर्थ श्रेणी राजकीय कर्मचारी हैं। वह गुरुवार शाम हरिहरगंज चौकी की ओर से लौट रहे थे। सामने गलत दिशा से आ रहे कार सवारों ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। वह बाइक समेत गिरने से चोटिल हो गए। उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। विरोध करने पर चालक आनंदपुरम निवासी मनीष बन्ना, मन्नू मौर्या व कृष्णा कालोनी के आयुष मिश्रा व एक अन्य कार से उतरे। गाली-गलौज कर उन्हें लात-घूसों से पीटा और जान से मारने की धमकी दी। कार में बैठकर भाग निकले।
मृगांक का कहना है कि तीनों शराब के नशे में थे। कोतवाल तारकेश्वर राय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।