फतेहपुर। शनिवार को जिलाधिकारी संजीव सिंह ने मिनरल फंड से शहरी क्षेत्र के 54 परिषदीय विद्यालयों में कालाकल्प कराने जैसी कई कार्ययोजनाओं को मंजूरी दे दी। डीएम ने कलक्ट्रेट के गांधी सभागार में जिला खनिज फाउंडेशन न्यास समिति की बैठक में तकरीबन ढाई करोड़ की कार्ययोजनाओं को मंजूरी दी।
मिनरल फंड से होगा पीएचसी, सीएचसी का कायाकल्प शीर्षक से बीते दो नवंबर के अंक में खबर प्रमुखता से प्रकाशित की गई थी। खबर में मिनरल फंड से पीएचसी, सीएचसी, शहरी क्षेत्र के परिषदीय स्कूूलों के कायाकल्प का मुद्दा उठाया था। इसी संबंध में शनिवार को जिलाधिकारी संजीव सिंह ने बैठक की।
उन्होंने कहा कि जिला महिला चिकित्सालय की बाउंड्रीवाल एवं अवशेष कार्य, जवाहर नवोदय विद्यालय सरकंडी बिंदकी मे सोलर, पानी की व्यवस्था तथा विधायक अयाह शाह के दो प्रस्तावों के तहत ग्राम कीर्तिखेड़ा में इंटरलॉकिंग व ग्राम डिकरी से प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तक 50 मीटर सीसी रोड का कार्य को शामिल प्रस्ताव में शामिल कर कार्य कराए जाएं।
उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि खनिज क्षेत्र में आने वाले विद्यालयों पर हैंडवाशिंग यूनिट, शौचालय, रनिंग वाटर आदि की सूची और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तेलियानी में प्रशिक्षण हाल , शौचालय, पंजीकरण कक्ष, रैन बसेरा का एस्टीमेट बनाकर खनन अधिकारी को दें।
अपर जिलाधिकारी पप्पू गुप्ता, उपजिलाधिकारी सदर प्रमोद झा, अपर उप जिलाधिकारी आशीष कुमार, खनिज अधिकारी मिथलेश पांडेय, जिला क्रीड़ा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवेेंद्र प्रताप सिंह सहित संवंधित अधिकारी उपस्थित रहे।