शासन के विशेष सचिव ओपी वर्मा ने कहा कि विभागीय अधिकारियों को कुपोषण दूर करने के लिए जारी प्रयासों को गति देने में लग जाना चाहिए। वह गुरुवार को जिले में चलाए जा रहे कुपोषण के खात्मे के लिए राज्य पोषण मिशन के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियाें व आशा बहुओं को सीएमओ व डीपीओ से संपर्क बना करके कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश देने के साथ ही गोद लेने वाले सभी 46 नामित अधिकारियों को दायित्वबोध का पाठ पढ़ाया। समीक्षा के बाद विशेष सचिव ने जमीनी तहकीकात के लिए डीएम व सीडीओ के गोद लिए गांवों मोहम्मदपुर कला व सिंधाव का दौरा किया।
शासन के विशेष सचिव ओपी वर्मा ने विकास भवन के सभागार में राज्य पोषण समिति की बैठक में कुपोषण से जनपद को मुक्त बनाने के निर्देश दिए। विशेष सचिव ने कुपोषित बच्चों व महिलाओं पर फोकस रखते हुए कार्यक्रम को ईमानदारी से संचालित किए जाने की बात कही। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व आशा बहुओं से अभियान में पूरी सिद्दत से जुटने का आह्वान करने के बाद विशेष सचिव ने डीएम के गोद लिए भिटौरा ब्लाक के मोहम्मदपुर कला गांव का दौरा किया। डीएम के गोद लिए गांव के आंगनबाड़ी केंद्र का जायजा लेने के साथ ही टीकाकरण की स्थिति से वाकिफ हुए। करीब डेढ़ घंटे डीएम के खास गांव में समय देने के बाद विशेष सचिव का काफिला सीडीओ के गोद लिए असोथर ब्लाक के सिंधाव गांव का हाल जाना। यहां पर भी कुपोषण पर चर्चा करने के साथ ही अधिकारियों से समय समय पर गोद लिए गांवों की निगहबानी करने के लिए निर्देशित किया। इस मौके पर डीएम राकेश कुमार, सीडीओ भवानी सिंह, डीडीओ मिथलेश सचान, डीआरडीए पीडी डॉ. राज कुमार गौतम, मनरेगा श्रमायुक्त आरपी मिश्र आदि रहे।