फतेहपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के भिखारीपुर नई बस्ती में रविवार शाम सगे भाइयों के बीच संपत्ति विवाद में बवाल हुआ।
जिसमें मारपीट, पथराव और फायरिंग की गई। सूचना पर सीओ सिटी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी फरार हो गए।
नई बस्ती निवासी बृजेश कुमार पांडेय के दो बेटे मनोज पांडेय और विवेक पांडेय हैं। पारिवारिक विवाद के चलते मनोज पांडेय आवास विकास में किराये पर रहते हैं।
इधर, कुछ दिनों से बृजेश की पत्नी की तबियत खराब चल रही है। विवेक की कुछ दिन पहले मोहल्ले के ही अश्वनी की साली से शादी तय हो गई है।
इसी वजह से अश्वनी और उनका परिवार विवेक के परिवार की मदद को पहुंचता है। संपत्ति को लेकर भाइयों के बीच विवाद है। रविवार को यह विवाद गहरा गया।
मनोज ने दूसरे परिवार की मदद लेने पर एतराज जताया। अश्वनी का आरोप है कि मनोज पांडेय और उसके साथ आठ दस लोगों अचानक विवेक के घर पहुंचे।
इन लोगों ने विवेक पर हमला किया। बीच बचाव पर उनके साथ भी मारपीट की। घर में पथराव किया और दरवाजे पर फायरिंग की।
उधर, मनोज पांडेय ने बताया कि वह लोग बातचीत को पहुंचे थे। दूसरे पक्ष ने हमला किया। सीओ सिटी संजय सिंह ने बताया कि मौके पर जांच की गई। जिसमें मनोज पक्ष के हमला करने की बात सामने आई है। तहरीर के अनुसार कार्रवाई होगी।