फतेहपुर। चौफेरवा गांव में मंगलवार को फाग के दौरान किशोरी को रंग लगाने का विरोध करने पर युवक ने भाई को ईंट मार दी। साथियों को बुलाकर पिता और रिश्तेदारों को लाठियों से पीटा व पथराव करते हुए भाग निकले। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया है। पीड़ित पक्ष ने तहरीर दी है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के चौफेरवा निवासी रामखेलावन ने तहरीर में बताया कि मंगलवार को गांव में फाग चल रहा था। रामखेलावन पुत्र रितेश (13) और पुत्री रीतू (17) के साथ वहां पहुंचा था। आरोप है कि एक युवक रीतू के चेहरे पर मिट्टी, रंग लगाने लगा। रितेश ने इसका विरोध किया तो युवक ने उसके सिर पर ईंट से हमला कर दिया। लहूलुहान रीतेश बेहोश होकर गिर पड़ा। युवक ने अपने तीन साथियों को बुलाकर रामखेलावन उसके रिश्तेदार शिवकुमार, बुद्दन पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। पथराव करते हुए चारों युवक भाग गए।
मौके पर पहुंची पुलिस घायलों और दूसरे पक्ष के एक युवक को कोतवाली ले गई। पुलिस ने रामखेलावन, रितेश, शिवकुमार, बुद्दन का मेडिकल परीक्षण कराया है। कोतवाल आनंद शुक्ला ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।