पुलिस लाइन में ड्यूटी लगाते नोडल अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
डायल-100 वाहनों में हाईवे पर तैनाती के लिए पुलिस कर्मियों के बीच मारामारी मची है। सबसे अधिक पुलिसकर्मी हाईवे के विकल्प में यह ड्यूटी करना चाहते हैं। सभी अपनी-अपनी मजबूरी अधिकारियों को बता रहे हैं। मनचाही तैनाती न मिलने से कुछ नाराज सिपाही डीआईजी रेंज दफ्तर तक शिकायतें भी कर रहे हैं।
जिले को मिले डायल-100 के 48 वाहनों में 224 पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई जा रही है। हाईवे की सुरक्षा चौकसी के लिए छह इनोवा में तेज तर्रार पुलिस कर्मियों की नियुक्ति की जानी है। पुलिस लाइन में शनिवार को नोडल अधिकारी एएसपी राजकमल यादव ड्यूटी चार्ट को फाइनल टच देने पहुंचे। उनके पहुंचते ही सिपाहियों की लाइन लग गई। करीब हाईवे में बीस पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई जानी है। अभी ही करीब 120 दावेदार आ गए हैं। नोडल अधिकारी भी ड्यूटी लगाने में परेशान नजर आए।
वहीं शिकायत करने वाले पुलिसकर्मियों का कहना है कि डायल-100 में सेवा देने वाले पुलिस कर्मियों को सुविधानुसार तैनाती नहीं मिल रही है। पड़ोसी जिलों के रहने वाले की तैनाती ही बार्डर पर की जानी चाहिए। तैनाती के पीछे अड़ने का मकसद हाईवे की ड्यूटी का मलाईदार होना माना जा रहा है। नोडल प्रभारी ने बताया कि जिले की सुरक्षा व्यवस्था के अनुसार ही ड्यूटी लगाई जाएगी। हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा।
इन क्षेत्रों में लगेंगे इतने वाहन
फतेहपुर। दो इनोवा शहर कोतवाली क्षेत्र हाईवे
एक इनोवा कल्यानपुर थाना क्षेत्र हाईवे
एक इनोवा खागा कोतवाली क्षेत्र हाईवे
एक इनोवा बिंदकी कोतवाली क्षेत्र हाईवे
एक इनोवा जहानाबाद क्षेत्र हाईवे
एक इनोवा रिजर्व चेकिंग कंट्रोल रूम