फतेहपुर। नवरात्र में मां के दरबार पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की राह इस बार आसान नहीं होगी। शहर में जगह-जगह सड़कें बदहाल हैं। कहीं सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़क खोद दी गई है तो कहीं बारिश के बाद सड़क ध्वस्त होने से गिट्टियां बिखरी पड़ी हैं।
कई मार्गों पर बड़े-बड़े गड्ढे लोगों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। ऐसे में रात के समय देवी पंडालों तक पहुंचना श्रद्धालुओं के लिए जोखिम भरा हो सकता है। नवरात्र 11 अक्तूबर से शुरू हो रहे हैं और शहर में सौ से अधिक देवी पंडाल सजने हैं।
आरती के समय उमड़ने वाली भीड़ के सामने बदहाल सड़कें बड़ी बाधा बन सकती हैं। स्थानीय लोगों को चिंता है कि समय रहते सड़कों की मरम्मत नहीं हुई तो श्रद्धालुओं को पूजा के लिए भी परेशानी उठानी पड़ेगी।
थोड़ी सी चूक होने पर राहगीर हो सकते चोटिल
पटेलनगर चौराहे पर शहर का सबसे बड़ा देवी पंडाल सजता है। आरती के समय यहां पूरे शहर से श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसके बावजूद शादीपुर मार्ग की हालत बेहद खराब है। सड़क पूरी तरह ध्वस्त पड़ी है और जगह-जगह बड़े गड्ढे हैं। रात में रोशनी कम होने पर इन गड्ढों में गिरकर श्रद्धालुओं के चोटिल होने का खतरा बना रहेगा। पंडाल तक पहुंचने में बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ सकती है।
पत्थरकटा चौराहे पर सुभाष चौक परिसर में मां भगवती का पंडाल सजता है। यहां सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़क खोद दी गई है। चौराहे से पटेलनगर रोड और जिला अस्पताल रोड की हालत भी खराब है। सड़क पर फैली गिट्टियों और खुदे हिस्सों से होकर श्रद्धालुओं को पंडाल तक पहुंचना होगा। इससे आरती के समय आने वाली भीड़ को आवागमन में दिक्कत हो सकती है।
तांबेश्वर मंदिर के समीप मां भगवती का पंडाल सजेगा, लेकिन यहां पहुंचने वाला मार्ग इन दिनों पूरी तरह खोदा पड़ा है। थोड़ी सी चूक होने पर राहगीर चोटिल हो सकते हैं। दूसरी तरफ वीआईपी रोड बारिश के बाद पूरी तरह ध्वस्त है और जगह-जगह गिट्टियां बिखरी हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को पंडाल तक पहुंचने में मुश्किल होगी।
शहर की 13 सड़कें गड्ढामुक्त करने के लिए चिह्नित हैं। इनमें करीब 40 लाख रुपये खर्च होने हैं। इसके लिए टेंडर सोमवार को खुलेगा। इसके बाद कागजी कार्रवाई पूरी होने पर सड़कों के गड्ढों की पैचिंग शुरू हो जाएगी।
- रविंद्र कुमार, ईओ नगर पालिका।
फोटो-07-ध्वस्त पटेलनगर चौराहा शादीपुर मार्ग। संवाद
फोटो-07-ध्वस्त पटेलनगर चौराहा शादीपुर मार्ग। संवाद
फोटो-07-ध्वस्त पटेलनगर चौराहा शादीपुर मार्ग। संवाद