जिला पंचायत सदन में शनिवार को वित्तीय वर्ष 2016-17 के लिए बनी कार्य योजना मंजूर कर ली गई। ध्वनि मत से 45. 87 करोड़ के काम को हरी झंडी दी गई। इस दौरान पहले बोलने को लेकर दो सदस्यों में नोकझोंक भी हुई। कुछ सदस्यों ने कहा कि प्रशासनिक अफसर और जिला पंचायत के लिपिक उनकी नहीं सुनते। बता दें कि जिला पंचायत के 46 सदस्यीय बोर्ड की यह दूसरी बैठक थी।
जिला पंचायत अध्यक्ष निवेदिता सिंह की अध्यक्षता में हुई इस वार्षिक बैठक में विकास पर चर्चा हुई। किसी सदस्य को क्षेत्र में सीसी रोड चाहिए थी तो किसी सदस्य को इंटरलाकिंग। बिजली न मिलने, अफसरों के फोन न उठाने व नहर में टेल तक पानी न पहुंचने, पुलिया टूटी होने आदि मुद्दे उठाए गए। इन विभागों के अफसर बार-बार उठने वाले सवालों के आगे कई बार निरुत्तर दिखे।
जिला पंचायत सदस्य सुखलाल ने विद्युत विभाग कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि गांव में 60 पोल आते हैं और फिर 50 पोल वापस चले जाते हैं। बताया जाय आखिर यह कहां चले जाते हैं। जिला पंचायत सदस्य नरेंद्र सिंह ने डीपीआरओ जितेंद्र मिश्र से उनके विभागीय लिपिक पर दो हजार रुपये रिश्वत घूस मांगने का आरोप लगाया। एक सदस्य ने जिला पंचायत विभाग के एक लिपिक को इस्टीमेट न देने के मामले में घेरा तो दूसरे सदस्य ने एक और लिपिक का नाम लेकर उसे घेरा।
करीब ढाई घंटे चली इस बैठक में अपर मुख्य अधिकारी बीसी पंत ने 45. 87 करोड़ की कार्य योजना को सामने रखा। उन्होंने बताया कि इस कार्य योजना में शामिल काम 31 मार्च 2017 से पहले पूरा होना है, इसे पास कर दिया गया। बैठक में सीडीओ रामाश्रय, सीएमओ डॉ. विनय कुमार, डीआईओएस नंदलाल यादव, बीएसएस विनय कुमार, खागा विधायक कृष्णा पासवान, सदन सदस्य नरसिंह पटेल, नरेंद्र सिंह, राकेश कुमार, शमीम फातमा, लवलेश देवी, रेखा देवी, नीतू देवी, जयंती वर्मा, मेड़िया देवी, शिमला देवी, मनभावन शास्त्री मुख्य रूप से मौजूद रहे।
‘धन्यवाद, मैं सभा का समापन करती हूं’- जिले की सबसे बड़ी सदन जिला पंचायत की ढाई घंटे चली बैठक में अध्यक्ष निवेदिता सिंह बोलने से बचती रहीं। वह पूरे समय चुप रहीं। बस बीच-बीच में सिर हिलाकर या मुस्करा कर कुछ भी बोलने को टाल दिया। अंत में भाजपा विधायक कृष्णा पासवान के बोलने के बाद अचानक वह अपनी सीट से उठीं और यह बोलकर ‘धन्यवाद, मैं सभा का समापन करती हूं’ कहकर चली गईं।
मखैयापुर में 15 दिन से बत्ती नहीं- जिला पंचायत सदस्य राकेश प्रजापति ने हुसैनगंज के जेई पर निशाना साधा। मखैयापुर गांव में 15 दिन से बत्ती नहीं होने का जिक्र करते हुए जेई के फोन न उठाने का मामला रखा गया। जिला पंचायत सदस्य ने कहा कि एक पखवारे से बिजली नहीं आने ग्रामीणों को बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
लंबे समय चलने वाली सड़क बनाएं:- जिला पंचायत सदस्य जयंती वर्मा ने जनप्रतिनिधियों को बेहतर काम कराने की नसीहत दी। कहा कि हमें इस सदन तक पहुंचाने वाली जनता चाहती है कि उसे चलने को अच्छी सड़क मिले। लिहाजा ऐसी सड़क बनाई जाए जो सालों साल चले।