अमौली। न्योरी जलालपुर के क्रिकेट टूर्नामेंट में देवचली की टीम ने बीघनपुर को शिकस्त दिया। बीघनपुर के कप्तान संजीव ने टाॅस जीतकर फील्डिंग करने का निर्णय लिया।
देवचली टीम के कप्तान एबी बाबू ने ओपनर अंकित और इम्तियाज को बैटिंग के लिए भेजा। दोनों खिलाड़ी पहले ही ओवर में शून्य पर पवेलियन लौट गए, जिससे टीम को करारा झटका लगा। अरवेश ने 6 छक्का जड़ते हुए 45 रन और गुलफाम ने दो छक्का एवं चार चौका के साथ 37 रनों का सहयोग कर टीम को मजबूती प्रदान करते हुए 154 रनो का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। जवाब में उतरी बीघनपुर टीम के सागर, राजवीर, भूपेंद्र, अमन, अभिषेक जीरो में आउट होने से नौवें ओवर में ही पूरी टीम 60 रनों में सिमट गई । अरवेश को मैन आफ द मैच से नवाजा गया।
दूसरी पाली में न्योरी जलालपुर की टीम के कप्तान राघव ने टाॅस जीतकर फील्डिंग करने का निर्णय लिया। बैटिंग के लिए उतरी डिघरुवा टीम 91 रनों में ही अटक गई। अरुण ने एक छक्का व दो चौका के साथ 18 रनों का सहयोग किया। जवाब में उतरी न्योरी की टीम ने तीन विकेट के नुकसान पर ही लक्ष्य हासिल कर लिया। अक्षय राज ने दस गेंद खेलकर तीन छक्का एवं दो चौका के साथ टीम को जीत के नजदीक पहुंचा दिया। सर्वाधिक रन एवं दो विकेट लेने के कारण अक्षय राज को मैन आफ द मैच का खिताब दिया गया। आयोजक सदस्य के यहां गमी हो जाने के कारण दो दिन मैच नहीं हो सका। शुक्रवार को सेमीफाइनल के दो मैच खेले गए।