हमीरपुर। बेतवा नदी पुल हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के आश्रितों को अब श्रम विभाग की ओर से भी आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। विभाग प्रत्येक श्रमिक के परिवार को सवा लाख रुपये की मदद देगा। इसके लिए प्रशासन ने ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू करा दी है।
बृहस्पतिवार रात करीब 12:20 बजे बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया था। हादसे में चार श्रमिकों और दो सुरक्षा कर्मियों की दबकर मौत हो गई थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी। इसके बाद शुक्रवार को जिला प्रशासन ने त्वरित राहत के तहत सभी छह मृतकों के परिजन को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए।
एसडीएम अभिषेक कुमार ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन कराए जा रहे हैं ताकि सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराई जा सके। श्रम प्रवर्तन अधिकारी महेंद्र कुमार ने बताया कि पंजीकृत श्रमिकों के लिए अंत्येष्टि सहायता के रूप में 25 हजार रुपये और आर्थिक सहायता के रूप में एक लाख रुपये देने का प्रावधान है। सोमवार तक सहायता राशि उपलब्ध करा दी जाएगी।
विवेचना के लिए घटनास्थल पहुंची पुलिस
कुरारा थाना प्रभारी प्रिंस दीक्षित ने बताया कि पुल हादसे में दर्ज प्राथमिकी की जांच के सिलसिले में शनिवार दोपहर पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची। टीम ने पिलर संख्या पांच और छह के बीच हादसे वाले स्थान का निरीक्षण किया। पुलिस साक्ष्य जुटाने के साथ ही हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच में जुटी है।