फतेहपुर। जिले में डेंगू मच्छर ने कहर बरपा रहा है। चार दिन में सात डेंगू रोगियों की पुष्टि हुई है। 29 दिन में 19 डेंगू रोगी चिह्नित हुए हैैं। मच्छरों की बाढ़ के कारण अब तक डेंगू रोगियों की संख्या 31 पहुंच चुकी है। मच्छर जनित बीमारियां शुरू होते ही मलेरिया विभाग सचेत हो गया है और एडवाइजरी जारी की है।
जिले में पिछले साल से डेंगू रोगियों की संख्या बढ़ी है। 2023 में जिले में 352 डेंगू रोगियों की पुष्टि हुई थी। इस बार डेंगू रोगियों की संख्या तेजी के साथ फिर बढ़ रही है। पहली से 29 अगस्त तक जिले में 19 डेंगू रोगी मिले हैं। इनके साथ ही इस साल मिले डेंगू रोगियों संख्या 31 पहुंच चुकी है। सूचना पर मलेरिया विभाग की टीमें रोगियों के घरों के आसपास साफ सफाई के साथ एंटी लार्वा का छिड़काव कराने में जुटी हैं।
खास बात तो यह है कि दिन में तेज धूप के बाद रात में तापमान गिरने से जुकाम, बुखार के रोगी बढ़ रहे हैं। ऐसे में रोगियों की जांच कराकर ही इलाज कराया जा रहा है। जांच में चार दिन में सात डेंगू रोगी चिह्नित होने से स्वास्थ्य विभाग चौकन्ना है।
जिला मलेरिया अधिकारी कीर्ति रंजन का कहना है कि जिला अस्पताल में डेंगू की जांच की सुविधा होने से डेंगू रोगियों की संख्या बढ़ी है। इसके पहले बहुत रोगी बिना जांच के ही स्वस्थ हो जाते रहे हैं, जिनका स्वास्थ्य विभाग के पास कोई आंकड़ा नहीं होता था। पिछले साल से जांच शुरू होने पर 352 डेंगू रोगी मिले थे। इस बार डेंगू की संख्या सिर्फ 31 पहुंची है। डेंगू मच्छर साफ पानी में पैदा होता है। इन मच्छरों के पैदा होने की स्थिति कतई न पैदा होने दें।
बचाव की तैयारी
मलेरिया विभाग के पास १6 हजार क्लोरीक्विीन और 11 हजार प्राइमा क्विीन टेबलेट का स्टाक है। इसके साथ ही पर्याप्त मात्रा में एंटीलार्वा है। दो फागिंग मशीने हैं। जरूरत पडऩे में मलेरिया से बचाव और इलाज की पर्याप्त व्यवस्था है।
क्या करें, क्या न करें
-घरों को साफ सुथरा रखें।
-कूलर की टंकी का पानी निकाल कर साफ करें।
-एसी का ढ़क्कन खोलकर साफ करा दें।
-फ्रिज की नियमित खाने वाले सोड़े से सफाई करें।
-गंदे पानी के निकास में हर दूसरे दिन फिनायल का प्रयोग करें।
-घर के आसपास पानी न भरा रहने दें।
-नालियों में जला हुआ मोबिल आयल दो ढक्कन नियमित डालें।
-बुखार आने पर तत्काल सरकारी लैब में जांच कराएं।
-पीने के पानी में क्लोरीन मिलाकर ही पियें।
-गमलों में भी पानी न भरा रहने दें।
सामान्य डेंगू के लक्षण
-तेज बुखार
-शरीर में तेज दर्द
-उल्टियां
-शरीर पर चकत्ते
-कमजोरी