थरियांव। पिटाई से क्षुब्ध ट्रक चालक के शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने गुरुवार को अंतिम संस्कार नहीं किया। हत्या का आरोप लगाकर परिजनों ने दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। गुजरात से आने वाले चालक के भाई का भी परिजन इंतजार कर रहे हैं।
थरियांव क्षेत्र के सूबेदार का पुरवा निवासी पुत्तन यादव (28) ट्रैक्टर चलाता था। उसका बुधवार को फंदे से शव लटका मिला था। भाई सोनू यादव ने गांव के एक जनप्रतिनिधि समेत कुछ लोगों पर पिटाई के बाद भाई की हत्या करने का आरोप लगाया था। पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का भी आरोप लगाया गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिग से मौत की पुष्टि हुई। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा। गांव में परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से शव रोक दिया। भाई सोनू ने पोस्टमार्टम दोबारा कराने की मांग की। रिपोर्ट में हेराफेरी का आरोप लगाया है। गुजरात में रहने वाले भाई रायन सिंह का भी परिजन इंतजार कर रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट लटकने से मौत की पुष्टि हुई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।