बकेवर। देवमई ब्लॉक के कृपालपुर-बिंधा गांव स्थित रिंद नदी पर निर्माणाधीन पुल की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने बुधवार को सेतु निगम के प्रबंध निदेशक धर्मवीर सिंह को पत्र भेजकर जांच और कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में उच्च गुणवत्ता की सामग्री के इस्तेमाल और तकनीकी मानकों के पालन पर जोर दिया।
समाजसेवी रोहित उमराव ने कहा कि पुल निर्माण में सीमेंट, सरिया समेत अन्य सामग्री मानक गुणवत्ता की प्रयोग की जाए। पुल के स्ट्रक्चरल डिजाइन और इंजीनियरिंग मानकों की भी जांच कराई जाए। इससे भविष्य में किसी प्रकार की तकनीकी खामी न रह जाए। उन्होंने बताया कि बरसात के दौरान रिंद नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ता है इसलिए पुल के पिलरों की मजबूती पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।
उन्होंने पड़ोसी जनपद हमीरपुर में बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का पिलर टूटने और स्लैब गिरने की घटना का उल्लेख करते हुए मजबूत और सुरक्षित पुल निर्माण की मांग की। इस मौके पर रामगोपाल निषाद, राधा देवी, कलावती, चंद्रपाल निषाद, अनिल कुमार, अनुसुइया देवी समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।