फतेहपुर। जिला कांग्रेस कमेटी ने खागा कोतवाली के पाई निवासी रविकरन सिंह के आत्महत्या के मामले एसआईटी से जांच की मांग उठाई है। कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी सी इंदुमती को ज्ञापन देकर तत्कालीन एसडीएम खागा और चकबंदी कर्मचारियों पर आत्महत्या के लिए बाध्य करने का आरोप लगाया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि 26 जून को कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने पाई गांव में स्व. रविकरन सिंह के परिजनों से मुलाकात की। परिजनों ने बताया कि 15 जून को रविकरन सिंह ने एसडीएम खागा को प्रार्थना पत्र देकर अपनी जमीन की पैमाइश की मांग की थी। इस पर एसडीएम ने उन्हें बेइज्जत किया था। इससे आहत होकर रविकरन सिंह ने मुख्यमंत्री को तत्काल शिकायतीपत्र भेजा था।
इसके बाद आहत रविकरन सिंह ने 18 जून की रात आत्महत्या कर लिया। आत्महत्या के लिए बाध्य करने वाले अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाए। इसके साथ मृतक के आश्रितों को 50 लाख मुआवजा, परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह चौहान, आशीष गौड़, मोहसिन खान, राजन तिवारी आदि रहे।