फतेहपुर। झारखंड से हरियाणा जा रहे मजदूर की शुक्रवार रात ढाबे में खाना खाते समय हालत बिगड़ने से मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को उसके शव का पोस्टमार्टम कराया है।
झारखंड के छतरा जिला के मयूर खंड थाना क्षेत्र के चौरइया निवासी इतवारी भुइया का बेटा भुवनेश्वर भुइया (41) मजदूर था।
वह अपने कुछ साथियों के साथ शुक्रवार को बोलेरो से हरियाणा मजदूरी करने जा रहा था। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के बड़ौरी हाईवे पर शुक्रवार रात वह लोग खाना खाने के लिए रुके थे।
खाने के दौरान ही भुवनेश्वर को उल्टियां होने लगीं। यह देेखकर साथी मजदूरों में हड़कंप मच गया। उसकी हालत बिगड़ते देख साथी उसे सीएचसी गोपालगंज ले गए।
जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि साथी मजदूरों से पूछताछ में पता चला है कि भुवनेश्वर पहले से बीमार था। अचानक उसकी हालत बिगड़ जाने के कारण मौत हुई है।