फतेहपुर। चक्रवाती तूफान ने जिले की बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेपटरी कर दी है। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में करीब तीन सौ विद्युत पोल गिर गए। अलग-अलग स्थानों पर तार टूटने, ट्रांसफार्मर खराब होने से करीब चार सौ फाल्ट आए। कई जगह मार्ग पर पेड़ गिरने से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित रही।
शहर में एसपी बंगले के पास एक पेड़ गिर गया जिससे आवागमन प्रभावित रहा। सूचना पर बिजली टीम ने पेड़ काटकर फाल्ट सही कराई। इसी प्रकार पत्थरकटा चौराहा के पास तूफान से उड़ी टीन 11 हजार की लाइन में टंग गई। इससे तार आपस में जुड़ने से स्पार्किंग हुई। हालांकि बिजली विभाग ने जल्द ही आपूर्ति बंद कर दी। नउवाबाग, तांबेश्वर मंदिर के पास पेड़ गिरने से तार टूट गए। पटेल नगर में और जिलाधिकारी आवास के पास भी केबल आपस में उलझ गई जिन्हें बिजली कर्मियों ने ठीक कराया। वर्मा चौराहा और पक्का तालाब में भी पेड़ गिरने से केबल टूट गया। शहर के पचास नंबर गेट रेलवे क्रासिंग के पास अंडर ग्राउंड केबिल में बारिश का पानी चले जाने से नमी आ गई जिससे आपूर्ति कई घंटे ठप रही। फाल्ट ठीक कराने के लिए इलाहाबाद से टीम आई है। एसडीओ अवनीश अग्रहरि ने बताया कि अभी दूसरे फीडर से वैकल्पिक व्यवस्था कर बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई है। अमौली प्रतिनिधि के अनुसार आंधी तूफान में मवईधाम में 11 हजार की लाइन छंगा सिंह के नलकूप के पास लटक गई। ककोरा, भिखनीपुर, सालेपुर, बिजौली गांवों में बिजली के पोल गिर गए। चौडगरा प्रतिनिधि के अनुसार उपकेंद्र से चलने वाले शाहजहांपुर, मौहाल, तेंदुली, आशा अभयपुर चार ग्रामीण फीडर के तेरह पोल टूटने से लगभग डेढ़ सौ गांवों की बिजली गुल हो गई। एसडीओ चौडगरा वैभव आनंद ने बताया कि स्टोर रूम से सामान मंगाया गया है। धाता प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र में रात तूफान से बिजली व्यवस्था गड़बड़ा गई। जगह-जगह पेड़ गिरने से मार्ग जाम हो गया। आम की फसल भी बर्बाद हो गई।
विजयीपुर प्रतिनिधि के अनुसार आए तेज आंधी तूफान और बरसात से बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। ज्यादातर अधिकांश गांवों में पेड़ गिरने से बिजली के खंभे गिर गए जिससे तार टूट गए। एकौरा, सिलमी, विजयीपुर, रानीपुर बहेरा, अमनी, रामपुर, रारी, साहेबपुर, गोदौरा, खैरी रावतपुर, लौधौरा, सरौली, एकडला, चंदापुर, अहमदगंज तिहार आदि गांवों में खंभे टूटकर गिर गए। क्षेत्र के अरविंद सिंह, अनुज सिंह, एजाज हसन, इस्माइल, उदयभान सिंह, चंद्रशेखर ने बताया कि बिजली न आने से कामकाज प्रभावित हो रहा है। जेई जितेंद्र मौर्य ने बताया कि कर्मचारियों को गांवों में भेजकर गिरे तारों को दुरुस्त कराया जाएगा। खंभों को सही कराने के लिए इस्टीमेट भेजा जाएगा। औंग प्रतिनिधि के अनुसार रात में आंधी पानी आने से खदरा से बिजौली संपर्क मार्ग पर महुआ का पेड़ गिर गया जिससे आवागमन कई घंटे बंद रहा। जहानाबाद प्रतिनिधि के अनुसार तेज आंधी तूफान से कस्बा समेत आसपास के ग्रामीणों को बिजली संकट से जूझना पड़ा। सैकड़ों पेड़ जमीदोज हो गए। बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से पेयजल संकट भी गहरा गया। असोथर प्रतिनिधि के अनुसार गेडुरी गांव में सूरज पाल की भैंस बंधी थी। बीती रात आंधी से पेड़ गिर गया जिससे भैंस मर गई। चुनका का डेरा में दो खंभे, विधातीपुर में तीन, बेसड़ी एक, सरकंडी में तीन, कौहन में दो खंभे गिर गए इसी प्रकार सैकड़ों पेड़ भी गिर गए। हसवां प्रतिनिधि के अनुसार करमचंद्रपुर सांडा फीडर में दस खंभे गिर गए। एकारी गांव में ट्रांसफार्मर जमीदोज हो गया। केशवपुर, बुधइयापुर, मवई समेत करीब आधा सैकड़ा गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। जेई गोपीचंद्र ने बताया कि कई जगह बिजली सप्लाई बाधित है। लाइनमैन को भेजकर फाल्ट ठीक कराया जा रहा है।
एचटी लाइन पर गिरा पेड़
खागा। चक्रवाती तूफान से डाकबंगले के पीछे, मानू का पुरवा लक्ष्मी राइस मील के पास, न्यू चौड़ाखेर नहर के किनारे एचटी लाइन पर पेड़ की डालें टूटकर गिर गईं जिससे तारें टूट गईं और आपूर्ति बंद हो गई। करीब चार घंटे के बाद पेड़ की डालों को हटाकर तार जोड़ा गया। एक घंटे के बाद 33/11 उपकेंद्र की तारों में दो कबूतर और एक चिड़िया फं स गई। एक्सचेंज के ट्रांसफ ार्मर ने काम करना बंद कर दिया। चार घंटे बाद फि र बिजली चालू की गई। इसी प्रकार रसूलपुर सानी एक्सचेंज की एचटी लाइन पर पेड़ की डाल गिर गई जिससे पाई, पौली और खैरई कस्बा सोहन मांझखोर की आपूर्ति ठप हो गई। जेई सत्यनारायण यादव ने बताया कि आंधी तूफान से तारों में पेड़ की डालें गिरी जिससे आपूर्ति बाधित हुई। दस घंटे के अंदर ही आपूर्ति बहाल कर दी गई।
---------
इनसेट ---
‘आंधी तूफान से बिजली के फाल्ट आए हैं। सभी उपकेंद्रों के जेई को समय से फाल्ट ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं। किसी प्रकार की हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।’
- एसडी सिंह, अधिशासी अभियंता।
-----------