खखरेरू। अमेरिकी डॉलर ट्रेडिंग का झांसा देकर लोगों को धोखाधड़ी का शिकार बनाने वाले कस्बे के एक युवक को बृहस्पतिवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से लैपटॉप, मोबाइल फोन, चार डेबिट कार्ड, बैंक पासबुक व अलग-अलग जन्मतिथि वाले पैन कार्ड की प्रतियां बरामद हुई हैं।
थानाध्यक्ष सत्यपाल सिंह ने बताया कि प्रतिबिंब पोर्टल के माध्यम से संदिग्ध साइबर अपराधी की लोकेशन आई। थाना गेट से करीब 40 मीटर दूर लोकेशन के आधार पर दीपचंद्र निवासी कस्बा को पकड़ा गया। आरोपी के खिलाफ पोर्टल पर कई साइबर फ्राड के मामले दर्ज मिले। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लोगों को अमेरिकी डॉलर के क्रय-विक्रय का झांसा देकर निवेश कराने के नाम पर ठगी करता है। इसके लिए फर्जी दस्तावेजों से खोले गए बैंक खातों का इस्तेमाल करता है। ठगी के रुपये विभिन्न बैंक खातों में स्थानांतरित करता है। मोबाइल फोन की जांच में विभिन्न बैंकों के कई खातों का संचालन सामने आया। जांच दौरान पता लगा कि कई राज्यों में साइबर ठगी की 24 से अधिक शिकायत हैं। आरोपी को कोर्ट के आदेश पर जेल भेजा गया है।