थरियांव। हसवा ब्लॉक के रामपुर थरियांव स्थित प्राचीन मां शीतला धाम श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का केंद्र है। शारदीय नवरात्र में यहां भक्तों की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। वर्षभर भक्त माता रानी के दर्शन-पूजन के लिए आते हैं। नौ दिन तक मंदिर परिसर भक्ति और धार्मिक आयोजनों से सराबोर रहेगा। पुजारी मंडा महंत बीरेंद्र गिरि महाराज के अनुसार, कुंड में स्नान कर दर्शन करने से कष्ट दूर होते हैं। श्रद्धालु परिवार की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना करते हैं। नवरात्र में नौ दिन तक भंडारे का आयोजन होगा। अखंड रामायण पाठ भी होगा और श्रद्धालु पूजा-अर्चना में शामिल होंगे। धाम में प्रतिवर्ष आषाढ़ मास की अष्टमी से एक महीने का मेला भी लगता है।