फोटो-21-बिंदकी फॉर्म में कटान से गिरा पीपल का पेड़। संवाद
- फोटो : 1
औंग। अभयपुर ग्राम पंचायत के बिंदकी फाॅर्म और सदनहा के बीच गंगा नदी के कटान से पीपल का पेड़ नदी में गिर गया। हालांकि नदी का बहाव कम होने से अब कटान थम गया है। वहीं तेज बहाव से खेतों में पानी भरने से फसलें बर्बाद हो गईं।
बिंदकी फार्म और सदनहा के ग्रामीण योगेंद्र पाल, सुरेश, किशोर, राजू, दिनेश और दुलारे ने बताया कि बाढ़ के दौरान खेतों में पानी भरने से तरोई, लौकी, भिंडी, धान और फूलों की फसलें प्रभावित हुईं। कई फसलें पानी में डूबकर खराब हो गईं, जबकि कुछ तेज बहाव में बह गईं। अब पानी कम होने से कटान भी रुक गया है।
इधर बाढ़ प्रभावित देवमई विकासखंड की गलाथा ग्राम पंचायत और मलवां विकासखंड की आशापुर व अभयपुर ग्राम पंचायत के प्रभावित मजरों में राहत सामग्री पहुंचाई गई है। मौके पर राजस्व विभाग के कानूनगो भोला प्रसाद मौजूद रहे। प्रधानों ने राशन किट सुरक्षित रखवाईं। सचिव मोहम्मद असलम ने पानी उतरने के बाद बरसात से होने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए गांवों में चूना डलवाया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी कृष्ण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि तीनों ग्राम पंचायतों के लिए कुल 977 राशन किट पहुंच चुकी हैं। डीएम निधि गुप्ता वत्स से वार्ता हो चुकी है। आगामी तीन दिनों में पात्र प्रभावित परिवारों को राशन किट वितरित कराई जाएगी।