-पेयजल समस्या को लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री को ज्ञापन देने जाते चंदियाना मोहल्लावासी।
- फोटो : अमर उजाला
चंदियाना विकास परिषद ने चंदियाना वार्ड की 27 साल पुरानी पेयजल समस्या का मुद्दा फिर से उठाया है। मंगलवार को मोहल्लवासियों ने केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति को ज्ञापन देकर समस्या के स्थायी निराकरण की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि चंदियाना वार्ड में 27 साल से पेयजल संकट है। बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्या नहीं सुलझी है। इस बार जलस्तर काफी नीचे चले जाने के कारण यहां के हैंडपंप भी दगा दे चुके हैं। बूंद-बूंद पीने के पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। समस्या इतनी विकराल है कि लोग चिलचिलाती धूप में अन्य मोहल्लों से पानी लेकर आते हैं। इसके बावजूद नगर पालिका परिषद का ध्यान इस समस्या की ओर नहीं जा रहा है।
चंदियाना वार्ड सभासद गोपाल रस्तोगी ने बताया कि शहर की पुरानी आबादी का यह मोहल्ला काफी अरसे से साल के हर महीने में पेयजल संकट से जूझता है। इस बार गर्मी में यह समस्या और अधिक गंभीर हो गई है। समस्या का निराकरण नहीं किया गया तो आंदोलन के सिवाय कोई विकल्प नहीं है। ज्ञापन देने वालों में राजाराम गुप्ता, विजय कुमार गुप्ता, रामप्रकाश गुप्ता, एसके गुप्ता, सूर्यकांत गुप्ता, विशाल गुप्ता, विकास गुप्ता, श्रीनरायन, सत्यम आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।