सदर कोतवाली के पीलू तले मोहल्ले में बुधवार रात बीएससी फाइनल ईयर की छात्रा की हत्या कर दी गई। शव पड़ोसी के निर्माणाधीन भवन के भूतल में मिला। देर रात पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की बात सामने आई है। दुष्कर्म की भी पुष्टि हो गई है। शरीर पर डेढ़ दर्जन चोटों के निशान है। हाथ, पैर, कमर के साथ नाजुक अंगों में भी चोटों के निशान मिले हैं। माना जा रहा है कि छात्रा ने आरोपियों से जमकर संघर्ष किया होगा। निर्माणाधीन भवन मालिक को नामजद किया गया है। उधर, परिजनों ने पोस्टमार्टम में देरी होने पर शव को मुख्य मार्ग पर रखकर जाम लगा हंगामा किया। सीओ के हस्तक्षेप पर करीब आधा घंटा बाद यातायात बहाल हो सका।
छात्रा निधि उर्फ रानी (19) पीलू तले चौराहे के पास मुनिशिवाला मंदिर के पीछे रहने वाले सराफा कारोबारी ओमप्रकाश उर्फ बबलू सोनी की बड़ी बेटी थी। वह निवेदिता सिंह डिग्री कालेज में छात्रा थी। गुरुवार सुबह पड़ोसी उमेश तिवारी ने अपनी निर्माणाधीन मार्केट के भूतल पर शव पड़ा देखा। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। परिजन भी पहुंच गए। पुलिस निधि को जिला अस्पताल लाई। निधि के पिता ने बताया कि मकान की तीसरी मंजिल पर बने कमरे में वह और दोनों बेटियां सो रही थीं। निधि परीक्षा की तैयारी कर रही थी। रात करीब दो बजे नींद खुली तो निधि नहीं दिखी। सुबह बेटी की मौत का पता चला।
पिता ने आशंका जताई की बेटी को हत्यारोपियों ने किसी बहाने से छत पर बुलाया होगा। उसके साथ गैंगरेप किया। विरोध पर चाकू से हाथ की नस काटी और मार डाला। सुबूत न मिले इसके लिए भूतल पर लाकर शव फेंक दिया। शरीर पर घसीटे जाने के निशान मिले हैं। सीओ सिटी समरबहादुर ने बताया कि पिता की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पड़ोसी उमेश पर हत्या का संदेह जताया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मामला साफ हो सकेगा। फोरेंसिक टीम व पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस की जांच में तीन परिवारों पर टिकी हैं। एक पड़ोसी उमेश तिवारी, दूसरा करीब के ही दो लड़के और तीसरा खुद निधि का परिवार। पुलिस इस मामले में कोई भी क्लू नहीं छोड़ना चाहती है।
बता दें कि पड़ोसी की मार्के ट की चार मंजिला भवन की छत और सराफा के तिमंजिले मकान की छत आपस में जुड़ी है। निधि की स्लीपर का एक अपनी छत पर दूसरा पड़ोसी की छत पर मिला है। इससे साफ है कि पड़ोसी की छत पर छात्रा चढ़कर पहुंची होगी। आरोपी वहां पहले से मौजूद रहे हाेंगे। मार्केट की छत पर खून और एक चाकू बरामद हुआ है। वहां से छात्रा किन हालातों में भूतल तक लाई गई यह स्थिति गुत्थी बनी है। खून लगे चाकू से कयास लगाए जा रहे कि आरोपियों और छात्रा के बीच संघर्ष भी हुआ होगा। उसी चाकू से हाथ की नस काटी गई होगी।