बिंदकी। तेलंगाना के सिकंदराबाद में सेना में तैनात प्रदीप साहू के परिजन शुक्रवार को पूर्व मंत्री अमरजीत सिंह जनसेवक से लिपटकर रो पड़े। पूर्व मंत्री ने जवान की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए परिजनों को संबल दिया।
मलवां थाना क्षेत्र के रावतपुर सहेली गांव के किसान राम सजीवन साहू का बेटा प्रदीप साहू तेलंगाना प्रांत के सिंकदराबाद के सेना कैंप में तैनात था।
12 जनवरी की रात ड्यूटी के दौरान करंट लगने से प्रदीप की मौत हो गई थी। 15 जनवरी को सेना की एक टुकड़ी पार्थिव शरीर लेकर पैतृक गांव आई थी। 16 जनवरी को एसडीएम हरिहरराम की मौजूदगी में गार्ड ऑफ आनर देकर भावभीनी श्रद्धांजलि देकर अंतिम संस्कार हुआ था।
शुक्रवार को शोकाकुल परिवार से मिलने पूर्व मंत्री अमरजीत सिंह जनसेवक पहुंचे। जनसेवक के शोक प्रकट करने के दौरान परिवार के कई लोग उनसे लिपट कर रोए। ऐसे में वह भी अपने आंसू रोक नहीं सके।