लोडर में साबुन लादते समय अचानक बड़े बोझ की झाल फट गई। इसमें किशोर की दबकर मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने पहले आरोप लगाए, लेकिन बाद में एजेंसी मालिक से समझौता हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
थरियांव थाने के करनपुर गांव निवासी छोटेलाल लोधी का बेटा बृजेश कुमार (14) गांव के ही फूलचंद्र की साबुन एजेंसी में पल्लेदारी करता था। लोडर में साबुन की झाल लदवा रहा था। झाल चढ़ाते वक्त दूसरे साथी का हाथ छूट जाने से झाल फटकर उसके सिर पर गिर गई। बृजेश तेज चीख के साथ बेहोश हो गया। अफरातफरी मच गई।
विज्ञापन
एजेंसी वाले उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बृजेश छह भाइयों में सबसे छोटा था। एक बहन है। मां जमुना देवी बेटे का शव देख बदहवास हो गई। परिजनों ने लापरवाही से काम कराने का एजेंसी मालिक पर आरोप लगाया। सूचना पर पुलिस भी पहुंची।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसओ बिपिन कुमार सिंह ने बताया कि पक्षों के बीच सुलह हो गई है। एहतियात के तौर पर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई गई है।