आवास विकास कालोनी में वर्षा सैनी उर्फ मनीषा (30) ने मंगलवार को अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसने मौत से पहले एक सुसाइड नोट लिखा। जिसमें कैंसर पीड़ित और खून की उल्टी होने को खुदकुशी की वजह बताया।
बता दें कि वर्षा का मायका इलाहाबाद एलनगंज है। उसकी शादी दस साल पहले आवास विकास निवासी राजेश सैनी से हुई थी। राजेश टीईटी अभ्यर्थियों के मीटिंग में इलाहाबाद गए थे। उनकी सात साल की एक बच्ची हनी है। घरवालों को खाना खिलाने के बाद वर्षा तीसरी मंजिल में अपने कमरे में सोने चली गई।
करीब दो बजे उसका भतीजा केतन घर लौटा था। केतन खाना परोसने के लिए वर्षा को जगाने पहुंचा। दरवाजा न खुलने पर परिवार और आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। जेठ रमेश ने धक्का मारकर किसी तरह से दरवाजा खोला। कमरे में वर्षा पंखे के कुंडे में दुपट्टे के सहारे फांसी पर लटकी थी। बेड के बगल में स्टूल पड़ा था।
जेठ ने बताया कि परिवार के लोगोें के बीच अच्छा सामंजस्य था। कोई विवाद नहीं था। छोटा भाई राजेश डेकोरेशन का भी काम करता है। घटना की जांच के लिए सीओ सिटी समरबहादुर मौके पर पहुंचे। छानबीन की गई तो डायरी के एक पन्ने में लिखे सुसाइड नोट में उसने कैंसर पीड़ित होने के कारण फांसी लगाने की बात कही है। वैसे कोई शिकायत आएगी तो छानबीन की जाएगी।