नर्सिंग होम में भर्ती घायल सराफ
- फोटो : अमर उजाला
कस्बे के अमौली प्राइवेट बस स्टैंड पर गुरुवार देर शाम एक सराफ से पांच हजार रुपये लूट लिए गए। बाइक सवार तीन बदमाश उसका जेवरों भरा बैग भी लूटना चाहते थे लेकिन लूट नहीं पाए। इसके लिए उन्होंने फायर किया, जो मिस हो गया। चाकू मारा, जो सिर पर लगा लेकिन सराफ ने लहूलुहान हाल में भी बैग नहीं छोड़ा। उस पर वह तब तक पकड़े लेटे रहे जब तक बदमाश भाग नहीं गए। भीड़ बढ़ती देख बदमाशों को भागना पड़ा।
जहानाबाद कस्बे के चंदागली निवासी नीरज कुमार सराफे का काम करते हैं। इनकी उमरिहा बाजार में दुकान है। यहां गुरुवार को साप्ताहिक बाजार लगती है। सराफ कारोबारी अमौली से जहानाबाद आने वाली प्राइवेट बस से स्टैंड पर देर शाम उतरे। सराफ के उतरते ही उनके बगल में एक बाइक रुकी। पीछे बैठे शख्स ने तमंचा निकाल कर नीरज पर तान दिया। एक ने हाथ में पकड़ा जेवरात से भरा बैग छीनना चाहा। सराफ के विरोध पर तमंचा लिए शख्स ने ट्रिगर दबाया लेकिन गोली मिस हो गईं। इससे बीच में बैठे शख्स ने चाकू निकाल कर नीरज पर हमला कर दिया। चाकू सिर में लगने से वह लहूलुहान होकर गिर पड़े।
यह देखकर बस से उतर रहीं अन्य सवारियां सहम गईं। इसी बीच एक बदमाश ने सराफ की जेब में पड़े पांच हजार रुपये निकाल लिए। सराफ नीरज तब तक बैग के ऊपर ही लेट चुके थे। बदमाश बैग छीनने में असफल होने पर बाइक से कस्बे की ओर भाग खड़े हुए। बैग में करीब पांच लाख रुपये के जेवर थे। एसएचओ एके राय ने बताया कि घायल नीरज को इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमलावरों की तलाश में टीम लगा दी गई हैं।