धाता/खागा थाना क्षेत्र के सुकुलपुर गांव के भुइयन बाबा देव स्थान के पास मंगलवार की रात सशस्त्र बदमाशों ने चौकीदारों को बंधक बना एनटीपीसी का पांच बंडल बिजली तार लूट लिया। यह तार को ट्रक में भरकर ले गए। इस तार की कीमत करीब साढे़ बारह लाख रुपये बताई गई है। प्रोजेक्ट सेक्शन अभियंता की तहरीर पर पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मौके पर पहुंचे सीओ अतुल कुमार चौबे ने जांच पड़ताल की।
खागा-धाता रोड के किनारे देव स्थान के पास एनटीपीसी बिजली की बड़ी लाइन तैयार कर रहा है। मंगलवार की रात करीब आठ बजे आठ बंडल तार आया था। तार की सुरक्षा में ठेकेदार नासिर हुसैन ने चौकीदार सीतेंद्र प्रधानिक व उत्पल प्रधानिक को लगाया था। रात करीब 12 बजे आधा दर्जन सशस्त्र बदमाश हाइड्रोलिक मशीन और ट्रक लेकर आए। इन्हाेंने दोनों चौकीदारों के हाथ पैर बांध दिए। बदमाश हाइड्रोलिक मशीन से तार के बंडलों को ट्रक में लादकर ले गए।
सुबह गांव वालों ने दोनों चौकीदारों के हाथ पैर खोले। तार लूट की सूचना पर सीओ अतुल कुमार चौबे मौके पर पहुंचे । इन्होंने चौकीदाराें से पूछताछ की। प्रोजेक्ट सेक्शन अभियंता एस मधुकर ने भी मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों से जानकारी ली। इसके बाद अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी गई। तहरीर में विभाग के ही कर्मचारियों पर शक जताया गया। एसओ अरविंद सिंह गौड़ ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विभाग में ही काम कर रहे तीन लोगों से पूछताछ की जा रही है।