पिहानी (हरदोई)। पिहानी- जेबीगंज मार्ग पर बैंक से लौट रहे शिक्षक को घेर कर बाइक सवार बदमाशों ने 45 हजार रुपये लूट लिए। वहां से गुजर रहे खंड शिक्षा अधिकारी समेत कई लोगों के ललकारने पर नकाबपोश बाइकर्स तमंचे का खौफ दिखाकर फरार हो गए। सूचना पर कोतवाल परशुराम सिंह फोर्स लेकर आठ मिनट में मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार सिंह, एएसपी नित्यानंद व सीओ श्यामकांत त्रिपाठी नेे बयान लिए और कोतवाल को शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए।
बुधवार की दोपहर लगभग दो बजे प्राथमिक विद्यालय भोगियापुर में तैनात अध्यापक प्रमोद कुमार मिश्रा निवासी अंजना आर्यावर्त ग्रामीण बैंक की पिहानी शाखा से पैंतालीस हजार रुपये निकाल कर बाइक से घर लौट रहे थे। प्रमोद मिश्र के अनुसार वाजिदनगर से पहले कुल्हौरा मोड़ के निकट पीछे से दो बाइक पर सवार पांच नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। इनमें तीन ने तमंचे तान दिए और जेब से 45 हजार रुपये व मोबाइल लूट लिया।
बीईओ मनोज कुमार बोस पिहानी के लालपुरवा गांव में एक्सीडेंट में मारे गए शिक्षक के परिजनों की खैर खबर लेकर लौट रहे थे। उन्होंने ललकारा तो बदमाशों ने उनकी तरफ तमंचा तान दिया। अनुदेशक नृपेन्द्र चक्रवर्ती ने पुलिस को फोन पर घटना की सूचना दी, जिस पर कोतवाल परशुराम सिंह फोर्स के साथ आठ मिनट में ही वहां पहुंच गए। एसपी उमेश कुमार सिंह, एएसपी नित्यानंद व सीओ श्यामकांत त्रिपाठी ने मौके पर पहुंच कर जानकारी ली। एसपी ने पीड़ित के अलावा खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार बोस समेत सभी चश्मदीदों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने कोतवाल को घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी टीम
पिहानी (हरदोई)। लूट की वारदात होते ही एसपी उमेश कुमार सिंह के साथ पहुंची विशेष टीमों ने अपने- अपने कार्य शुरू कर दिए हैं। एक टीम ने बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। एसपी नेे कोतवाल को निर्देश दिए कि बैंक से गेट के बाहर भी सीसीटीवी कैमरा लगाने को कहें। खुलासे के लिए सर्विलांस सेल को भी सक्रिय कर दिया गया है। कोतवाल के अनुसार कई बार की घटनाओं के बाद यह बात कहे जाने के बावजूद ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कप्तान ने अलग- अलग टीमें पड़ोसी जनपदों में भी भेजने के निर्देश दिए हैं।