सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के मंडवा में बवाल के
चौथे दिन भी तनाव बरकरार है। आरएएफ, पीएसी ने फ्लैग मार्च किया। ग्रामीणों
को भरोसा दिया गया कि यदि वे उपद्रव नहीं करते हैं तो पुलिस उन्हें परेशान
नहीं करेगी। उधर, नए एसपी राजीव मेहरोत्रा कामकाज संभालने के बाद शाम को
मंडवा पहुंचे। थाने में अफसरों के साथ मीटिंग की और गांव में जाकर लोगों से
उनका हाल जाना। सभी को भरोसा दिया कि किसी निर्दोष के साथ कार्रवाई नहीं
होगी लेकिन उपद्रवी बख्शे भी नहीं जाएंगे।
मंडवा और उसके आसपास के गांव
में धारा 144 लगा दी गई है। किसी बाहरी को गांव में घुसने से रोका गया है,
वहीं समूह में खड़े होने पर पुलिस की टोकाटाकी बढ़ गई है। पूरे दिन फोर्स
की चहलकदमी बनी रही।
गांवों में तनावपूर्ण शांति है। नए एसपी ने मंडवा,
रतनसेनपुर, कटरा, भैरवां, सेनीपुर, सलेमपुर, औझीपुर समेत तनावग्रस्त इलाकों
का जायजा लिया है। गांवों में दहशत के चलते लोग घरों के अंदर हैं।
कई
लोगों ने अपने घरों में ताला बंद कर दूसरे सुरक्षित जगह शरण ले ली है। इन
एहतियात के बावजूद इलाके में अफवाहों का बाजार गर्म है। डीएम राजीव रौतेला
ने लोगों को अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
बता दें कि अफवाह
फैलते ही लोग समूह में जुट जा रहे हैं जो पुलिस और प्रशासन के लिए मुसीबत
का सबब बन रहा है। पुलिस कभी इन्हें समझाकर तो कभी लाठी भांजकर खदेड़ रही
है।