रिटायर्ड फौजी की बेटी ने शनिवार दोपहर फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मां के घर लौटने पर हुई। बंद दरवाजे को रॉड के सहारे खोला गया। बाहर रहने वाले पिता और भाई को घटना की खबर दी गई। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के अशोक नगर मोहल्ला निवासी राजकुमार सिंह सेना से सेवानिवृत्त हैं। वह दिल्ली धौलापुर रेसकोर्स में सिक्योरिटी एजेंसी में नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी रानी देवी, छोटी बेटी प्रियंका सिंह (24) के साथ घर में रहती थीं। एक बेटा योगेंद्र सिंह मध्यप्रदेश के सागर में बीएससी कर रहा है। बड़ी बेटी प्रीती सिंह शादी के बाद से ससुराल छत्तीसगढ़ में है।
रानी देवी दोपहर को बिजली का बिल जमा करने गई थी। वह दोपहर करीब तीन बजे घर लौटकर आई। बेटी के कमरे में आवाज लगाई। जवाब न आने पर दरवाजा और दीवार के बीच खाली जगह से देखा तो बेटी छत के कुंडे व रस्सी के सहारे फंदे पर लटकी थी। उनकी चीख पुकार पर प्रियंका के पड़ोस में रहने वाले रिटायर्ड फौजी मामा बच्चा सिंह पहुंचे। सूचना पर भूतपूर्व सैनिक कल्याण समिति के अध्यक्ष विद्या भूषण तिवारी और महिला संगठन की अध्यक्ष जागृति तिवारी भी पहुंचे। उन्होंने पुलिस को खबर दी।
मौके पर सीओ सिटी केडी मिश्रा, चौकी इंचार्ज आशुतोष सिंह पहुंचे। पुलिस ने शव को उतराया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने बताया कि प्रियंका ने 2014 में बीए किया था। उसके बाद से घर में रहती थी। उसकी शादी के लिए परिवार के लोग रिश्ता खोज रहे थे। कहीं उसका रिश्ता तय नहीं हुआ था।
सीओ सिटी ने बताया कि घटना की वजह सामने नहीं आई है। घर में एक मोबाइल फोन है। जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है।