जमीन बेचने और रुपये देने से मना करने पर युवक ने रविवार की रात बड़े भाई की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। भाभी पर भी हमला किया, लेकिन वह बच गई। मौके पर कुल्हाड़ी फेंक कर हत्यारोपी भाग निकला। थानाध्यक्ष अनूप सिंह का कहना है कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर सास और देवर के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। सास को हिरासत में ले लिया गया है।
घटना मलवां थानाक्षेत्र में बरौरा के मजरे जैनपुर गांव में हुई है। गांव निवासी स्व. लखन पटेल के चार बेटे हैं। पिता की मौत के बाद पैतृक तीन बीघे जमीन पिता की मौत के बाद मां और चारों बेटों के नाम दर्ज हो गई थी। दो बेटे मंगा और सर्वेश की मौत हो चुकी है। तीसरे नंबर का बेटा दीपक उर्फ बड़का पटेल (35) खेतीबाड़ी का काम देखता था। छोटा भाई महेंद्र उर्फ सिटिल्ली कामकाज में हाथ बंटाता था। दीपक की पत्नी चंद्रवती ने पुलिस को बताया कि देवर सिटिल्ली शराब और जुए का लती है। उसने अपनी, जेठ मंगा और सास ममता देवी के हिस्से की जमीन बेच डाली। अब उसके पति दीपक पर अपने हिस्से की जमीन बेचकर पैसा देने का दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों में अक्सर विवाद होता था। दीपक जमीन बिक्री को तैयार नहीं था। चंद्रवती ने बताया कि रविवार दोपहर करीब तीन बजे दोनों भाइयों में विवाद हुआ था। सिटिल्ली ने पति को जान से मारने की धमकी दी थी। रात में खाना खाने के बाद दीपक दरवाजे पर सोने चला गया था। नींद न आने के कारण वह पति के पास ही बैठी थी। रात लगभग एक बजे सिटिल्ली कुल्हाड़ी लेकर आया और दीपक की गर्दन पर हमला कर दिया। विरोध पर देवर ने उस पर भी वार किया, लेकिन वह बच गई। देवर कुल्हाड़ी फेंक कर भाग निकला। महिला ने सास ममता देवी पर सिटिल्ली को शह देने का आरोप लगाया है। हत्यारोपी सिटिल्ली की तलाश में पुलिस ने कई जगह दबिश दी है। दीपक की पत्नी चंद्रवती और दो बेटी गुड़िया(4), नेहा (2) रो रोकर बेहाल हैं।