खागा। एसबीआई से साढ़े छह लाख रुपये निकाल कर घर लौट रहे बाइक सवार वेस्टर्न मनी ट्रांसफर एजेंट को बदमाशों ने नौबस्ता रोड पर लूट लिया। बाइक सवार लुटेरों ने तीन फायर झोंक कर सरेराह वारदात की। एजेंट के साथ साल भर में यह तीसरी मर्तबा लूट हुई है। पुलिस ने तहरीर लेकर नाकेबंदी के साथ छापामारी शुरू कर दी है।
सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के अल्लीपुर बहेरा गांव निवासी शामून वेस्टर्न मनी ट्रांसफर एजेंट के तौर पर कई साल से काम कर रहे हैं। यह गांव के ही एक मित्र मोहम्मद आवेश के साथ दोपहर कस्बे की एसबीआई ब्रांच से रुपया निकालने आए थे। साढ़े चार बजे रुपये निकाले और बाइक से घर को चल दिए।
नौबस्ता रोड पर पटखेरवा गांव के पास पीछे से आ रही बाइक में बैठे दो लुटेरों ने ओवरटेक कर शामून की बाइक रुकवा ली। बकौल शामून वह कुछ समझ पाते उससे पहले पीछे बैठे लुटेरे ने कट्टे से एक के बाद एक तीन हवा में फायर झोंक दिए। इससे एजेंट घबरा गए। इसी के बाद इस लुटेरों ने शामून से रुपये से भरा बैग छीन लिया और कस्बे की ओर भाग खड़े हुए।
लुटेरे शामून से उनके दो मोबाइल और बाइक की चाभी भी छीन ले गए ताकि वह पीछा न कर सके। शाम पांच बजे हुई इस वारदात से राहगीरों में हड़कंप मच गया। एजेंट ने पीआरवी को इत्तला की। कोतवाल एयू सिद्दीकी ने बताया कि भुक्तभोगी की तहरीर लेकर कार्रवाई की जा रही है। लुटेरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह तो रही पुलिस के दावे की बात। जहां तक इस पर अमल की बात है तो इन्हीं शामून के साथ साल भर में दो वारदात अंजाम दी जा चुकी है। साल भर पहले इसी बैंक के अंदर से इनके पास के डेढ़ लाख रुपये साफगोई से पार कर दिए गए थे। अभी छह महीने पहले भी नौबस्ता रोड पर साढ़े तीन लाख की घटना को आज के ही अंदाज में अंजाम दिया गया था। तब लुटेरों ने एक फायर झोंक कर दहशत में लिया था।