धाता। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बेटे के जन्म के बाद प्रसूता की मौत पर गुरुवार भोर पहर हंगामा हुआ। परिजनों ने शव थाने ले जाकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
धाता थाना क्षेत्र के सेमरहटा गांव निवासी अरुण केशरवानी का एक साल पहले राखी (23) के साथ विवाह हुआ था। राखी के पिता जीवन केशरवानी थाना क्षेत्र के अहमदपुर कुंसुभा गांव में रहते हैं। राखी पहले प्रसव के लिए बुधवार को पीएचसी पहुंची थी। डाक्टरों ने अल्ट्रासाउंड की सलाह दी। परिजनों ने उसे रात को अस्पताल में भर्ती कराया था। रात करीब तीन बजे बेटा पैदा हुआ। उसके बाद प्रसूता की हालत बिगड़ती चली गई। पीएचसी से उसे रेफर किया गया। परिजन उसे लेकर जा रहे थे तभी रास्ते में मौत गई।
परिजनों ने आरोप लगाया कि इलाज दौरान गलत इंजेक्शन लगाने से हालत बिगड़ी और मौत हुई है। पीएचसी प्रभारी डा. सरल कुमार ने बताया कि महिला को खून की कमी थी। प्रसव के बाद खून में और कमी आ गई। खून की कमी होने के बारे में पहले से परिजनों को बताया गया था।
उधर, थानेदार सुभाष यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आरोप सही पाए गए तो कार्रवाई की जाएगी।