फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के सनगांव इलाके में गल्ला कारोबारी चंद्रराम उर्फ दल्लू को रविवार रात बदमाशों ने तमंचा सटाकर लूट लिया। पीड़ित की तहरीर पर 24 घंटे बाद मंगलवार को पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। बाद में बाइक बदमाशों ने जंगल में छोड़ दी। छानबीन में पुलिस ने बरामद किया है। गल्ला कारोबारी चंद्रराम उर्फ दल्लू कोतवाली क्षेत्र के पूरेताज महमूदपुर गांव निवासी है। वह रविवार की रात बिंदकी से गल्ला बेचकर बाइक से घर लौट रहे थे। सनगांव मोड़ के पास तीन नकाबपोश बदमाश मिले। बदमाशों ने ओवरटेक कर बाइक रोकी। व्यापारी पर तमंचा सटा दिया। दहशत में आए व्यापारी से 34 हजार रुपये की नकदी, मोबाइल और बाइक लूटकर फरार हो गए थे। पीड़ित ने मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस मौके पर जांच करने पहुंची। इलाके में पुलिस सोमवार को छानबीन करती रही। सनगांव के जंगल में पुलिस को लूटी बाइक मिल गई। कोतवाल दीपक पांडेय ने बताया कि सूचना के बाद पुलिस जांच में जुटी थी। पीड़ित ने तहरीर नहीं दी थी। लूट का मामला साफ हो जाने पर तहरीर मंगवाई गई और रिपोर्ट दर्ज की गई।