ट्रेन के इंजन की चपेट में बाइक।
- फोटो : अमर उजाला
फतेहपुर। दरभंगा से दिल्ली जा रही स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सुपरफास्ट ट्रेन के इंजन में ओवरब्रिज (50 नंबर गेट) के पास एक बाइक फंस गई। ट्रेन चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। हालांकि इंजन में फंसी बाइक करीब छह सौ मीटर तक घिसटती चली गई। बाइक सवार भाग निकला। इधर, यात्रियों में हड़कंप मच गया। अप लाइन रूट आधा घंटा प्रभावित रहा। यातायात प्रभारी, इंजीनियरिंग विभाग ने बाइक को बाहर निकाला। तब ट्रेन को रवाना किया जा सका।
सुबह लगभग साढ़े ग्यारह बजे सपा कार्यालय के पीछे ओवरब्रिज के पास एक बाइक सवार ट्रैक पार कर रहा था। इसी बीच स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ट्रेन आ गई। वह ट्रेन को सामने देख अपनी बाइक छोड़ भाग निकला। उसका एक चप्पल भी वहीं छूट गया। इधर, बाइक ट्रेन के इंजन में फंसी और घिसटने लगी। चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए ट्रेन की रफ्तार धीरे-धीरे कम की। यात्रियों में हड़कंप मच गया। ट्रेन में यात्रियों की अफरातफरी देख आसपास मौजूद लोग भी मौके पर पहुंच गए। आरपीएफ प्रभारी रामबहादुर, उपनिरीक्षक दिनेश कुमार और इंजीनियरिंग विभाग मौके पर पहुंच कर बचाव करने में जुट गए। आधे घंटे बाद 12.05 मिनट पर इंजन में फंसी बाइक को बाहर निकाला गया। तब ट्रेन आगे रवाना हुई। इससे अप लाइन की चौरीचौरा, कालका, जोधपुर हावड़ा ट्रेन लूप लाइन में जहां की तहां खड़ी रही। यातायात प्रभारी नवीन कुमार का कहना है कि इंजन की जांच करने के बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया है।
बाइक मालिक के खिलाफ मुकदमा
फतेहपुर। आरपीएफ प्रभारी रामबहादुर ने इंजन में फंसी क्षतिग्रस्त बाइक को सीज कर अज्ञात चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। आरपीएफ प्रभारी ने बताया कि रेलवे एक्ट के तहत यात्रियों के जानमाल का खतरा पैदा करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। बाइक मालिक का नाम मोहम्मद खान है। पूरा पता नहीं चल सका है। बाइक चलाने वाले का पता लगाया जा रहा है।