सदर कोतवाली क्षेत्र के कृष्ण बिहारी नगर में शनिवार को राह चलती एक महिला को पता पूछने के बहाने रोका गया और उसे बेहोश कर बदमाश उसके जेवर व नकदी ले भागे। लोगों को पता तब चला जब वह होश में आई। पुलिस ने तहरीर लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
माया देवी शहर कोतवाली क्षेत्र के गढ़ीवा मोहल्ला निवासी स्वर्गीय दयाराम की पत्नी हैं। वह अपनी पौत्री का इलाज कराने क्लीनिक गई थीं। बताया कि घर लौटते वक्त गढ़ीवा मोड़ पर पौत्री ज्यादा आगे निकल गई। माया देवी धीरे-धीरे चल रही थीं। बकौल माया, उन्हें रास्ते में तीन युवक मिले।
उन लोगों ने पता पूछने के बहाने रोका और जब तक वह कुछ बता पातीं, एक ने चेहरे पर रुमाल से कुछ सुंघा दिया। इसके बाद उन्हें नहीं मालूम क्या हुआ। इलाकाई लोग महिला को बेहोश सड़क में पड़ा देखकर करीब पहुंचे। किसी तरह से उन्हें होश में लाए। होश में आने पर माया देवी ने बताया कि उनका मंगलसूत्र, पायल, डेढ़ हजार रुपये से भरा पर्स बदमाश ले गए। सूचना पर चौकी इंचार्ज मोहम्मद परवेज मौके पर पहुंचे। महिला से आरोपियों का हुलिया पूछने के बाद इलाके में छानबीन शुरू की है।