फतेहपुर। बेकाबू ट्रक ने शनिवार रात हाईवे पर गश्त पर कर रही यूपी-100 की बोलेरो में टक्कर मार दी। हादसे में बोलेरो सवार हेड कांस्टेबल की मौत हो गई। एक सिपाही का हाथ टूट गया। घायल सिपाही को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव को एसपी राहुल राज ने पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि दी। थानाध्यक्ष सुरेश चंद्र ओमहरे ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर चालक की तलाश की जा रही है।
इलाहाबाद में सराय इनायत क्षेत्र के सीहीपुर कमालपुरवा निवासी दूधनाथ (55) हेड कांस्टेबल थे। वह करीब पांच साल से जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तैनात थे। करीब एक साल से खागा कोतवाली क्षेत्र में यूपी-100 में उनकी तैनाती थी। शनिवार को वह रात्रि गश्त पर थे। साथ में चालक राजेश यादव और कांस्टेबल मनोज कुमार
त्रिपाठी भी थे। रात करीब साढ़े 12 बजे कानपुर-इलाहाबाद हाईवे के कटोघन प्वाइंट पर राजेश बोलेरो से उतर कर कुछ दूरी पर खड़ा हो गया। हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल गाड़ी में ही बैठे रहे। तभी इलाहाबाद की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बोलेरो में टक्कर मार दी। टक्कर से बोलेरो पलट गई। ट्रक हाईवे किनारे गुमटियों को तोड़ते हुए
खंती में लटक गया। मौके पर मौजूद कस्बे के रंजीत सिंह, अनुज सिंह, रंजीत सिंह, धुक्कड़ व अन्य ग्रामीणों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बोलेरो में फंसे हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल को मशक्कत कर बाहर निकाला। जिला अस्पताल में हेड कांस्टेबल को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कांस्टेबल मनोज का हाथ टूटा है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे हेड कांस्टेबल के बेटे लाल बहादुर और विजय बहादुर ने बताया कि पिता से शनिवार शाम करीब छह बजे बातचीत हुई थी। उन्होंने खेती का हालचाल जाना था। वह डायबिटीज की बीमारी से पीड़ित थे। चेकअप कराने के लिए छुट्टी लेकर सोमवार को घर आना था। घर आने से पहले ही हादसा हो गया। उन लोगों ने मां श्यामकली को दुर्घटना के बारे में नहीं बताया है। पीड़ित परिवार को एसपी ने मदद का आश्वासन दिया है।
हादसे में यूपी 100 के हेड कांस्टेबल की मौत
हाईवे के कठोघन प्वाइंट पर तेज रफ्तार ट्रक ने बोलेरो में मारी टक्कर
हादसे में बोलेरो सवार कांस्टेबल घायल, ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो