मुराइनटोला वर्कशॉप में वीडियो बनाने पर धुना
फतेहपुर। शहर के मुराइनटोला उपकेंद्र में ट्रांसफार्मर लेने पहुंचे एक उपभोक्ता को वीडियो बनाने पर पीट दिया गया। पीड़ित ने एसडीओ के रिश्तेदार पर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू की है।
मलवां थाने के बकोली गांव निवासी फूल सिंह मुराइनटोला उपकेंद्र के वर्कशॉप में ट्रांसफार्मर लेने पहुंचे थे। फूल सिंह का आरोप है कि वर्कशॉप में एसडीओ मनोज कुमार का साला संजय सुविधा शुल्क चाह रहा था। इसी चक्कर में उसे इधर-उधर घुमाया जा रहा था। इसी दौरान यह दूसरे उपभोक्ता को वर्कशॉप से ट्रांसफार्मर देने लगे। वह इसका वीडियो बनाने लगा।
इस पर संजय ने अपने अन्य साथियों के साथ उसकी पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान फूल सिंह पक्ष के लोग भी पहुंच गए। फूल सिंह ने बताया कि काफी दिनों पहले ट्रांसफार्मर जल जाने की शिकायत की थी। इसे लेने के लिए आए थे। एसडीओ के साले संजय वर्कशॉप में अपनी पिकअप ट्रांसफार्मर ढोने के लिए लगाए हैं।
चौकी इंचार्ज नागेंद्र चौबे ने घायल फूल सिंह का मेडिकल कराया। चौकी इंचार्ज ने बताया कि वर्कशॉप के एसडीओ का साला बताने वाले संजय और उसके साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
- ट्रांसफार्मर लेने पहुंचे उपभोक्ता को पीटा
अमर उजाला ब्यूरो