अमर उजाला ब्यूरो
बहुआ (फतेहपुर)। शराब के नशे में मामूली नोकझोंक के बाद बुधवार रात दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हुुआ। लाठी-डंडे से मारपीट और पत्थरबाजी में पांच लोग लहूलुहान हुए। दोनों पक्षों की ओर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मेडिकल की कार्रवाई की है।
ललौली थाने के दसौली गांव के कल्लू का डेरा निवासी शिवकरन निषाद घर जा रहे थे। शिवकरन का आरोप है कि रास्ते में अच्छेलाल ने उसे धक्का मार दिया। विरोध करने पर अपशब्द कहने लगा। बात बढ़ी तो मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर परिवार के भाई जगमोहन, हरमोहन व पिंटू की पत्नी नीता बीच बचाव को आई। तभी अच्छेलाल के बेटे विमल, अंकित, भाई मुन्नालाल व पिता चिफसुरिया भी आ पहुंचे। उन लोगाें ने लाठी व डंडे से हमला कर दिया।
उधर, अच्छेलाल ने बताया कि नोकझोंक के दौरान शिवकरन पक्ष ने उस पर हमला किया। वह घायल हो गया। इस दौरान पत्थरबाजी भी हुई। पुलिस ने अच्छेलाल की शिकायत पर दूसरे पक्ष के घायलों पर रिपोर्ट दर्ज की। वहीं, शिवकरन की तहरीर पर अच्छेलाल समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मेडिकल कराने की कार्रवाई की। एसओ श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।