फतेहपुर। बाइकों की भिड़ंत में शुक्रवार शाम एक युवक की मौत हो गई। दोनों बाइकों के तीन लोग घायल हो गए। जिला अस्पताल से घायलों को कानपुर रेफर किया गया।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के फिरोजपुर गांव निवासी चंद्रभान का बेटा दिलीप (30) फूफा राजकरन के घर गाजीपुर थाने के गंभरी गांव आया था। बुआ रामरती को बाइक से घर लेकर जा रहा था। गाजीपुर थाने के इंद्रो पुल पर दूसरी बाइक से सीधी भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक के सवार गाजीपुर के घघौरा गांव निवासी भोला का पुत्र रमेश (50)
और जहीर का पुत्र सज्जन (45) घायल हुए। हादसा देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल में रमेश को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बाकी तीनों घायलों को कानपुर रेफर किया गया। एसओ धीरेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दी गई है। उनके आने पर कार्रवाई की जाएगी। किसी के पास हेलमेट नहीं मिला।
बाइकों की भिड़ंत में एक की मौत
तीन रेफर, बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए थे
अमर उजाला ब्यूरो