अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। शहर के मसवानी मुहल्ले में एक वकील की पत्नी की गुरुवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजन शव को जिला अस्पताल से लेकर घर चले गए। सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस को परिजनों ने सीढ़ी से गिरने की वजह से मौत होना बताया है। पुलिस मायके पक्ष के आने का इंतजार कर रही है।
शहर के मसवानी मोहल्ला निवासी दीपक श्रीवास्तव कचहरी में वकील हैं। वह पत्नी श्यामा देवी उर्फ सन्नो देवी(40) को लेकर दोपहर में जिला अस्पताल पहुंचे। डाक्टरों को सन्नो देवी के गले पर निशान व सिर में चोट मिली। परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया गया। अस्पताल प्रशासन ने शव को मुर्दाघर में रखवाने की कोशिश की तो वकील पक्ष से नोकझोंक हो गई। पति व उनके साथ आए लोग शव लेकर घर चले गए। अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी।
चौकी इंचार्ज कैलाश नाथ मौके पर जांच को पहुंचे। चौकी इंचार्ज ने बताया कि महिला के सिर व गले में जाहिरा चोट के निशान हैं। मायका हरदोई जिले का संडीला गांव है। मायके पक्ष के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। दीपक ने पुलिस को बताया है कि घर में किसी काम के दौरान सीढ़ियों से पत्नी फिसल गई। तभी उनकी सिर में चोट आने से मौत हुई है। सन्नो देवी की एक बेटी है। वकील दीपक चार भाई हैं। सभी पेशे से वकील हैं।